Wednesday, September 6, 2017

आज राज्य क्यों ऐसा सोचता है कि गरीबों और अशिक्षितों को निजता के अधिकार की जरूरत ही नहीं है? | अपूर्वानंद

निजता प्रत्येक व्यक्ति का मौलिक अधिकार है. राज्य उस पर दावा नहीं कर सकता. वह उसे यह नहीं बता सकता कि वह क्या खाए, क्या पहने, क्या पढ़े, कैसे रहे. वह उसकी ज़िंदगी में बेरोकटोक तांकझांक नहीं कर सकता, न उससे यह मांग कर सकता है कि वह खुद से जुड़ी हर जानकारी राज्य के हवाले कर दे. कुल मिलाकर व्यक्ति खुदमुख्तार है.
व्यक्ति अपना विचार बना सकता है और उसे व्यक्त भी कर सकता है. उसे ऐसा करने से रोका नहीं जा सकता.
व्यक्ति के जीने का अधिकार तो मौलिक है लेकिन वह अर्थपूर्ण तभी है जब वह इज्जत के साथ जी सके. अगर मैं हमेशा दूसरे की निगरानी में रहने को मजबूर हूं तो जाहिर है मैं ससम्मान जीवन नहीं जी रहा.
24 अगस्त, 2017 को आज़ाद भारत के न्यायिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण दिन की तरह याद किया जाएगा. इसलिए कि भारत की सबसे बड़ी अदालत ने एकमत से भारत के नागरिकों के सबसे पवित्र अधिकार को राज्य के लिए भी उतना ही महत्वपूर्ण बना दिया.


निजता को व्यक्ति का अधिकार घोषित करने के उच्चतम न्यायालय के फैसले का जश्न ठीक ही मनाया जा रहा है. लेकिन उस उल्लास में हम भूल रहे हैं कि यह सब कुछ इसलिए है कि अब राज्य वह बन चुका है जो अपने नागरिकों को अपना मातहत मानता है और उनकी जिंदगियों पर कब्जा करने पर आमादा है. अभी तो उच्चतम न्यायालय ने उसकी इस सोच पर चोट कर दी है लेकिन यह मानना एक तरह की खुशफहमी होगी कि हर बार वह हमारी ढाल बन ही पाएगा.
उन तर्कों को देखें जो सरकार ने वैयक्तिक निजता को अधिकार माने जाने के खिलाफ दिए थे तो राज्य की मानसिकता का पता चलता है. उसने कहा कि निजता का तर्क आभिजात्यवादी है. यह तर्क अजीब है लेकिन ध्यान देने योग्य है. इन दिनों आभिजात्य होने को एक गाली की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है. प्रत्येक परिष्कृत विचार या आचरण को अभिजात या आभिजात्यवादी कहकर उसे तिरष्कृत कर दिया जाता है. या, अगर किसी विचार पर हमला करना हो तो पहले उसे अभिजात कह दिया जाता है.
सरकार ने अदालती फैसले के बाद यह कहना शुरू किया है कि यह दरअसल उसके ख्याल की ही तस्दीक है और अदालत में उसके वकील ने जो कुछ भी कहा था वह बस, कचहरी की बहस में हुई नोंकझोंक या बाता-बाती का हिस्सा है.
अदालत में सरकार के विचार या उसके रुख को उसका वकील ही सामने रखता है और अपनी दलील उसके निर्देश से पेश करता है. यह कहना कि वह तो यों ही बहस में मीर बनने को कह दिया गया था और उसे गंभीरता से नहीं लिया जाना चाहिए, इसलिए चिंता का विषय है कि इसके मायने यह भी निकलते हैं कि हमारा सामना एक गैरजिम्मेदार सरकार से है.
अखबारों और कई लोगों ने ठीक ही पिछले तीन सालों में सरकार की दलीलों का रिकॉर्ड सामने रखकर सरकार के क़ानून मंत्री के इस दावे को मिथ्या बताया है कि सरकार तो शुरू से ही निजता को नागरिकों का मौलिक अधिकार मान रही थी. ठीक ही पूछा गया है कि अगर ऐसा था तो फिर छह लोगों को अदालत की गुहार ही क्यों लगानी पड़ी? यह मुक़दमा ही क्यों हुआ?
सरकारी वकील ने कहा कि भारत के नागरिक यह दावा नहीं कर सकते कि उनके शरीर पर उनका अधिकार पूर्ण है. मैं अपने शरीर, या उसके अंगों की जानकारी किसे दूं न दूं, यह मेरा निर्णय होगा. लेकिन सरकार का कहना यह था कि वह मेरे शरीर के बारे में निर्णय कर सकती है.
सरकारी तर्क यह था कि निजता वस्तुतः एक आभिजात्यवादी विचार है जो भारत के लिए अजनबी है. चूंकि भारत में रहने वाले अधिकतर गरीब हैं, इसलिए यह उन पर या उनके संदर्भ में लागू नहीं होता. यह तर्क अजीबोगरीब तो है ही, बहुत खतरनाक भी है. यह निजता या स्वतंत्रता के अधिकार के साथ-साथ एक तरह से समानता के अधिकार के साथ भी राज्य का खिलवाड़ है
यह याद रखने की ज़रूरत है कि किसी वक्त भारतीयों की गरीबी, उनकी अशिक्षा को कारण बताया गया था अंगरेज़ हुक्मरानों के द्वारा यह कहने के लिए कि वे आज़ादी जैसी चीज़ को बरतने के काबिल नहीं हैं. अशिक्षित व्यक्ति जनतंत्र जैसे विचार को भी नहीं समझ सकता. अब बताया जा रहा है कि गरीब लोगों के लिए निजता का कोई मतलब नहीं है.
मेरी गरीबी को मेरी संप्रभुता का हरण करने का तर्क कैसे बनाया जा सकता है! मेरी गरीबी कोई मेरा अस्तित्वगत गुण या अवगुण नहीं, वह नितांत ही सामाजिक है. जिसके लिए मैं जिम्मेदार नहीं, उसे मेरे खिलाफ इस्तेमाल नहीं किया जा सकता.
गरीबी को एक तर्क की तरह इस्तेमाल किया जाता है अनेक प्रसंगों में व्यक्ति के जीवन में राजकीय हस्तक्षेप को जायज़ ठहराने के लिए. वह यह तय कर सकता है कि वह कितने बच्चे पैदा करे, यह कि वह कितनी कैलोरी ऊर्जा ले, यह कि किस तरह के घर में वह रहे. जब सरकार यह कहने लगती है कि स्कूल के दोपहर के खाने में बच्चे अंडे न खाएं, वह तय करेगी कि प्रोटीन का ज़रिया क्या होगा, तो वह उनकी निजता में ही दखल दे रही होती है.
समृद्ध या अमीर लोगों की तो कामनाएं होती हैं, गरीबों को वह अधिकार नहीं. यही बहस कार्ल मार्क्स आर्थिक और दार्शनिक पांडुलिपियों में कर रहे हैं कि मैं अपने श्रम का कैसे इस्तेमाल करूं और उसकी कीमत भी कितनी तय करूं, अगर यह मेरे बस में नहीं तो यह माना जाना चाहिए कि मुझसे मेरा आपा ही छीन लिया गया है.
निजता किसी दूसरे अधिकार के तहत नहीं है, वह अपने आप में वह संपूर्ण है, यह इस फैसले ने साफ़ किया. सरकार यह दलील दे रही थी कि अभी संविधान में इसे मौलिक अधिकार नहीं मना गया है. अदालत ने साफ़ कहा कि व्यक्ति राज्य की सृष्टि नहीं है और अगर कोई बात संविधान में अभी वर्णित नहीं है तो इसका अर्थ यह नहीं कि उसे लेकर दावा ही नहीं किया जा सकता.
निजता का यह अधिकार अब हमारा बुनियादी हक है. लेकिन यह कोई अदालत का प्रसाद भी नहीं है. ध्यान रहे कि अदालत को इस निर्णय के लिए प्रेरित करने के लिए छह लोग सरकार के खिलाफ अदालत में गए. उनके नाम जानना और उन्हें शुक्रिया अदा करना हर भारतीय का फ़र्ज़ है.
न्यायमूर्ति पुत्तुस्वामी के अलावा कल्याणी मेनन सेन, शांता सिन्हा, सुरेश वोमबातकेरे, डॉक्टर अनुपम सराफ, निखिल दे और बेजवाड़ा विल्सन ने उच्चतम न्यायालय का दरवाजा खटखटाया और कहा कि निजता को एक हिंदुस्तानी से छीना नहीं जा सकता. इनमें से अधिकतर वे हैं जो गरीबों के साथ काम करते हैं. विल्सन तो उस तबके के लिए काम करते हैं जो भारत की गंदगी साफ़ करता रहा है. पिछले एक महीने में दिल्ली जैसे शहर में गटर साफ़ करते हुए इनमें से छह की मौत हो चुकी है.
याद रहे ये उन लोगों में हैं जिन्हें तिरस्कारपूर्वक मानवाधिकार कार्यकर्ता या झोलावाला गिरोह कहा जाता है. इन्हें और इनके संगठनों को अक्सर सबसे ज़्यादा सरकारी हमले का सामना करना पड़ता है. इनके चरित्र हनन का अभियान अक्सर चलाया जाता है.
यह भूलना मुश्किल है कि भारत के प्रधानमंत्री ने हमारे न्यायाधीशों को ही लज्जित करने की कोशिश की थी यह कहकर कि वे कभी-कभी फाइव स्टार एक्टिविस्टों के चक्कर में आ जाते हैं. इस मामले में कम से कम अदालत ने इन्हीं फाइव स्टार एक्टिविस्टों की दलीलों पर मुहर लगाई है.

Saturday, September 2, 2017

मनु-श्रद्धा

मैं तुम्हें फिर मिलूंगा
दंडकारण्य के उन जंगलों में
(अगर इंसान ने अंतिम पेड़ भी न काट लिया तो.)
जहाँ शेर और भालुओं के बीच
हरी नदी का कंचन पानी पिया था हमने.

मैं तुम्हें फिर मिलूंगा
अमल-धवल शिखरों के पार
(अगर आखिरी पर्वत भी सपाट होने से बचा रहा.)
जहाँ सुनहरी डूब पर लेते
हमने प्रथम बार आलिंगन किया था.
मैं तुम्हें फिर मिलूंगा
तमिलनाडु के तटों पर
(अगर तेल रिसाव से बचे रह गए वे)
जहाँ की रेत पर बैठ हमने बुने थे
सपने हरी धरती के.
मैं तुम्हें फिर मिलूंगा
उत्तरी ध्रुव की सफ़ेद चादर पर बैठा
(अगर ग्लोबल वार्मिंग से बचा रह गया बर्फ का आखिरी टुकड़ा.)
जहाँ सफ़ेद भालुओं के झुण्ड
हमारे संग खेलते-मचलते थे.
मैं तुम्हें फिर मिलूंगा
किसी सागर में मछलियों संग तैरता
(अगर आखिरी मछली भी न निगल गया इंसान)
जहाँ के खारे जल में
तुमने प्रथम दफे चूमा था मुझे.

मैं मनु- 'मनुज जन्मदाता' वादा करता हूँ  
मैं तुम्हें फिर मिलूंगा 'श्रद्धा'
इसी धरती पर
जहाँ बच्चे जने थे हमने
जहाँ सृष्टि रची थी अपनी हमने,
जब आकाश नीला हुआ करता था,
धरती हरी
और पानी कंचन.
अगर उन बच्चों ने बची रहने दी धरती.
कुकृत्यों से उनके
पूर्णत: तबाह न हुई तो,
मैं तुम्हें फिर मिलूंगा.

*मनु और श्रद्धा मानव के प्रथम पूर्वज हैं. 'जयशंकर प्रसाद' के महाकाव्य 'कामायनी' के प्रमुख चरित्र.

Tuesday, August 29, 2017

#3_Train_Accidents_In_10_Days

मेरे देश में बुलेट ट्रेन पे काम
शुरू हो चुका है.
यकीन मानिए एक दिन हम तरक्की में
चीन जापान के बराबर होंगे.
अमरीका में भी नहीं है बुलेट ट्रेन!!
ट्रेन हादसे!!
क्या कहा??? सुनाई नहीं दिया.
अरे बहुत है जनता देश में,
हादसे तो होते रहते हैं
ट्रेनें तो पटरी से उतरने ही बनी हैं.
तुम ज्यादा मत सोचो.
बुरा मत देखो, कहो, सुनो.
खालिश गांधीवादी रहो बे!
सीधे बुलेट ट्रेन पे कन्सन्ट्रेट करो.
अरे! बुलेट ट्रेन देखना
दस साल बाद.
विकास का कार्य पूर्ण होगा तब.

धर्म और राजनीति

जब धर्म को राजनीति और राजनीति को धर्म की शह मिलती है, आम नागरिक ठगा जाता है.
हमारे दिल रेप पीड़िता के लिए नहीं चीत्कारते, न ही गोरखपुर 70 बच्चों की मौत पर लेकिन हम एक अपराधी के खातिर मरने- मारने पे उतारू हो जाते हैं.
दरअसल जनता जैसी होती है उसे वैसे ही राजनेता मिलते हैं और वैसे ही गुरु. इसलिए हमारे लोकतंत्र के मंदिर (संसद) में 33% जघन्य अपराधी हैं और लोकनिर्माता के घर (मंदिर) में ऎसे बाबा.
बाबा और ये 30 मौतें असल में हमारी सोच और समझ की प्रतिकृति हैं और हमारे समाज की नग्न तस्वीर.

तीन तलाक़

कॉमन सेंस बड़ी रेयर (दुर्लभ) चीज है. शायद इसलिए तीन तलाक़ जैसे फैसले 2017 तक का इंतज़ार करते हैं और उसपर भी दो 'हाइली क्वालिफाइड' (अत्यधिक योग्य) जज अपने पूर्वाग्रह नहीं छोड़ पाते. सदियों से चली आ रही रीति-रिवाज-मान्यताएं-धारणाएं जरुरी नहीं सही ही हों. अगर होतीं तो हम दलित-उत्थान के लिए प्रयासरत नहीं होते, न ही सती प्रथा ख़त्म हुई होती. 
ये नहीं है कि बस यही एक कुरीति थी. अभी कई बाकि हैं. हर धर्म में ही. क्यूंकि कुरीतियां मज़हब देख के नहीं बनतीं. वे एक निश्चित वक़्त का समाज देख के बनती हैं, जिन्हें बाद में आने वाली पीढ़ियां फॉलो (पालन) करती रहती हैं... और वे कुरीतियां सदियों तक चलती रहती हैं. फिर हटाओ तो विरोध इसलिए होता है कि वो सदियों से चली आ रही थी.
जरूरी नहीं हमारे बाप-दादाओं ने जो किया वो सही हो और जो हम आज करें वो कल के वक़्त के हिसाब से सही हो. क्यूंकि नैतिकता वक़्त और समाज दोनों के हिसाब से बदलती है... और इसलिए किसी भी रीति का बदलना भी जरूरी है... नहीं तो वो कुरीति में परिणित हो जाएगी.
विरोध इस निर्णय का नहीं बल्कि इस बात का होना चाहिए कि ये निर्णय इतनी देरी से क्यों आया.
इतिहास गवाह है जितना समाज और धर्म का बेड़ागर्क धर्मगुरुओं ने किया है उतना शायद ही किसी ने किया हो. भोपाल में होने वाली मौलवियों की मीटिंग कितना करेगी, देखने वाली बात होगी.

Monday, August 14, 2017

दिया / अशोक बत्रा

सामने कुहरा घना है
और मैं सूरज नहीं हूँ
क्या इसी अहसास में जिउं ?
या जैसा भी हूँ नन्हा-सा
इक दिया तो हूँ
क्यूँ न उसी की उजास में जिऊं
हर आने वाला पल मुझसे कहता है –
अरे भाई ! तुम कोई सूरज तो नहीं हो
और मैं कहता हूँ—
न सही सूरज
इक नन्हा दिया तो हूँ

जितनी भी है लौ मुझमें
उसे लेकर जिया तो हूँ
कम से कम
मैं उनमें तो नहीं
जो चाँद दिल के बुझाए बैठे हैं
हर रात को अमावस बनाए बैठे हैं
उड़ते फिर रहे थे जो जुगनू
उनके आँगन में
उन्हें भी
मुट्ठियों में दबाए बैठे हैं |
- अशोक बत्रा

Sunday, August 13, 2017

धूमकेतु

मैं हर दिन अपने से आगे निकलता हूं
मेरे पीछे एक दुनिया छूट जाती है.
सपनों ने आदमी को धूमकेतु बना दिया है.

Saturday, August 12, 2017

सहजता के दायरे से बाहर की महिलाएं और पुरुष मानसिकता / कनिका दत्ता


भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हरियाणा इकाई के उपाध्यक्ष रामवीर भट्टïी जानना चाहते थे कि वर्णिका कुंडू आधी रात को अकेले गाड़ी लेकर कहां घूम रही थीं। उनके प्रत्युत्तर में कुंडू ने उचित सवाल पूछा कि उनके पार्टी सहयोगी का बेटा विकास बराला आधी रात को क्या कर रहा था? भट्टïी की टिप्पणी में यह बात निहित है कि कुंडू किसी संदिग्ध वजह से बाहर थीं, या उनके मां-बाप जिम्मेदार नहीं हैं। उन्होंने बाद में अपनी बात स्पष्टï करने की कोशिश में ऐसा कह भी दिया। लेकिन उन्होंने विकास बराला और उसके साथी के बारे में कोई टिप्पणी नहीं की। जाहिर सी बात है उन्होंने राखी बंधवाने के लिए तो सात किलोमीटर तक कुंडू का पीछा नहीं किया होगा। हालांकि पुलिस के सामने पड़ते ही कुंडू जादुई अंदाज में उनकी बहिन बन गईं।

 
हम यह भी जानते हैं कि लैंगिक और राजनैतिक भेद से परे देश के एक बड़े तबके को भट्टïी की बात सही लगी होगी। आधुनिक बनने की चाह रखने वाले हमारे देश में एक मानक स्वीकार्य समझ के मुताबिक महिलाओं से यह उम्मीद नहीं की जाती है कि वे आधी रात को घर से बाहर रहें। ऐसा नहीं है कि यह केवल आक्रामक पुरुषों से बचाव के लिए है बल्कि यह मर्दवादी सोच को असहज करने का काम भी करता है। 
 
मर्द चाहे बार में शराब पी रहा हो, डेट पर बाहर हो, देर रात की शिफ्ट में काम करके घर लौट रहा हो, ढेर सारी शराब पीने के बाद घर आने के लिए कैब बुक कर रहा हो, उससे कोई सवाल नहीं करता। अगर कोई महिला ऐसी ही गतिविधियों में शामिल हो और किसी घटना की पीडि़त हो जाए तो क्या उसे खारिज नहीं कर दिया जाएगा? चंडीगढ़ से भाजपा की सांसद किरण खेर भले ही महिला अधिकारों की और उनके रात में बाहर निकलने के अधिकार को कितनी ही तवज्जो दे लें, भारत के स्त्री-पुरुष मूलभूत रूप से महिलाओं के साथ अलग व्यवहार के आदी हैं। कॉलेज प्रशासन लड़कियों के लिए वेशभूषा संबंधी सलाह जारी करते हैं लेकिन वे कभी पुरुषों को नहीं कहते कि वे क्या पहनकर आएं और क्या नहीं? दिल्ली में जब एक युवा महिला टीवी पत्रकार को देर रात काम से घर लौटते वक्त गोली मार दी गई तो प्रदेश की तत्कालीन महिला मुख्यमंत्री ने कहा था कि महिलाएं इस तरह के काम क्यों करती हैं? पुणे में शिवसेना की महिला पार्षद दुकानों पर कथित रूप से भड़काऊ लगने वाले महिलाओं के पुतलों के खिलाफ अभियान छेड़ती है। 
 
यह दोहरे मानक का उदाहरण है जो लगभग यह कहता है कि जो महिलाएं एक खास ढंग से आचरण नहीं करती हैं उनको प्रताडि़त किया जा सकता है। मानो वह चाहती है कि उसके साथ कुछ गलत हो। अब आप सोचते रहिए कि भला दुनिया में कौन ऐसी औरत होगी जो शोषण या बलात्कार की ख्वाहिशमंद होगी। इससे जुड़ा एक सवाल यह भी है कि फिर इतनी बड़ी तादाद में छोटी बच्चियों के साथ दुर्घटनाएं क्यों होती हैं जो उपरोक्त में से कोई काम नहीं करतीं।
 
कुंडू का निशाने पर आना तय है। वह डीजे का काम करती हैं। बड़े शहरों में भी कम ही लड़कियां यह पेशा अपनाती हैं, फिर चंडीगढ़ जैसे पारंपरिक शहर की तो बात ही छोड़ दीजिए। इससे उनके देर से लौटने की वजह समझी जा सकती है। बहरहाल, बराला को अभी यह बताना बाकी है कि वह आधी रात को क्या कर रहे थे? महत्त्वपूर्ण बात यह है कि कुंडू उन महिलाओं का प्रतिनिधित्व करती हैं जो अपनी पहचान खुद बनाती हैं और अपनी शर्तों पर जीती हैं। उन्होंने अपना चेहरा छिपाने की जहमत नहीं उठाई जबकि देश का कानून यौन अपराध पीडि़तों को इसकी इजाजत देता है। उन्होंने कहा कि वह अपराधी नहीं हैं। कुंडू कहती हैं कि वह तमाम यौन पीडि़तों के साथ अपनी एकजुटता दिखाना चाहती हैं और उनके साथ मिलकर गलत को गलत कहना चाहती हैं। ऐसी असहज करने वाली मुखरता भारतीय समाज में दुर्लभ है। याद कीजिए कोलकाता में 2013 में सुजेट जॉर्डन नामक स्त्री के साथ हुई बलात्कार की घटना। राज्य की महिला मुख्यमंत्री ने उस महिला की आलोचना करते हुए कहा था आखिर वह बार में गई ही क्यों। जॉर्डन ने भी अपनी पहचान छिपाने से इनकार कर दिया था। वह बहुत कम समय में ही महिला अधिकारों का पैरोकार चेहरा बन गई थीं। उनका 2015 में निधन हो गया।
 
दिसंबर 2012 में दिल्ली में हुए हौलनाक सामूहिक बलात्कार के बाद तमाम युवतियों ने कड़कड़ाती ठंड में राजपथ पर विरोध प्रदर्शन किया। वह युवती अपने एक पुरुष मित्र के साथ घूम कर लौट रही थी। इस मामले में भी पीडि़त के पिता ने अपनी बेटी का नाम जगजाहिर करते हुए कहा कि वह अपराधी नहीं थी। विरोध करने वालों को वैश्विक स्तर पर सुर्खियां मिलीं, देश में बलात्कार और यौन हिंसा को लेकर सख्त कानून बने। इसके बावजूद आप इस बात से समझ सकते हैं कि समस्या कितनी गहरी है कि तत्कालीन राष्ट्रपति के बेटे ने विरोध प्रदर्शन करने वालों को यह कहकर खारिज कर दिया था कि वह 'डेंटेड, पेंटेड' महिलाओं का समूह है। संक्षेप में कहें तो उनका तात्पर्य था कि जो महिलाएं मेकअप में रहती हैं उनको गंभीरता से लेने की आवश्यकता नहीं। 
 
इस नए भारत में आपका स्वागत है। देश 70 वर्ष का होने जा रहा है। यहां महिलाएं कंपनियों का नेतृत्व करती हैं, विमान उड़ाती हैं, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं जीतती हैं, पुलिस में काम करती हैं और जल्दी ही सेना में लड़ाकू भूमिका में नजर आएंगी। वे अपनी रोटी खुद कमाती हैं। वे अपनी क्षमताओं के मुताबिक ताकत भी हासिल करेंगी। वे पिताओं, पतियों और बेटों के भरोसे नहीं रहेंगी। मंगलूरु में पब में महिलाओं पर हमला करने वाली राम सेना के प्रमोद मुथालिक के खिलाफ शुरू हुआ पिंक चड्डïी अभियान और भट्टïी का मजाक उड़ाने वाला ट्विटर हैंडल, दोनों इस नए आत्मविश्वास के प्रतीक हैं। हम महिलाओं के उन छोटे से तबके से आते हैं जिनको ये अधिकार प्राप्त हैं। ऐसे में अधिक गहरे और तेज आर्थिक सुधार ही तात्कालिक आवश्यकता हैं।

कविता

कविता तो शुरू की थी
लेकिन बुर्का पहनाना पड़ा
हाथ ढांकने पड़े
मस्जिद जाने से रोकना पड़ा.
एक बार जोर से
वन्दे मातरम् बुलवाना पड़ा
दाढ़ी बड़ी थी उसकी
इसलिए ट्रेन में सहम के बैठी
बेचारी कविता तो शुरू की थी
तुमतक अबतक पहुंच नहीं पाई.
कविता तो शुरू की थी
शोर में गुम गई
पढ़ाई के बोझ में मर गई
नब्बे प्रतिशत आए और फांसी चढ़ गई.
खेली भी,
दौड़ी भी,
नाची भी,
पेंटिंग भी की
फिर भी उदास रह गई.
कविता बेचारी बस्ते में दब गई.
कविता तो शुरू की थी
उसकी जाति पूछ ली
फ्रिज़ तलाश लिया
बीफ निकाल लिया.
दंगे हो गए,
बेचारी Lynching में मर गई.
कविता तो शुरू की थी.
कविता निकली बाहर
स्कर्ट की साइज नाप ली
घर आई तो वक़्त पूछ लिया
फब्तियों में बेचारी ज्यादा चल नहीं पाई
कविता तो शुरू की थी
बेचारी निकल नहीं पाई.
कविता तो शुरू की थी
लेकिन उर्दू के शब्द चुनचुन निकालने पड़े
टैगोर का ज़िक्र हटाना पड़ा
औरंगज़ेब को कलाम लिखा तब कुछ बात बनी.
कविता तो शुरू की थी
बेचारी तुमतक अबतक पहुंच नहीं पाई.

Sunday, July 16, 2017

नेता और युद्ध | बर्तोल ब्रेख्त

नेता जब 
शान्ति की बात करते है

जनता जानती है
कि युद्ध बिलकुल क़रीब है

नेता जब युद्ध को
बुरा कहता है

युद्ध-स्थल पर जाने का
आदेश हो चुका होता है