Showing posts with label Ma. Show all posts
Showing posts with label Ma. Show all posts

Tuesday, January 14, 2014

वसीयत




वसीयत में लिख दो तुम,
दो किलो अचार माँ.
लिख देना अपनी गोद और मेरा सिर,
माथे पे दो चुम्बन और
चूल्हे से सीधे उतारे दो-चार फुल्के.

वसीयत में लिखना सारा वात्सल्य,
अगले जन्म का वादा....बस, इतना काफी है.

Monday, May 6, 2013

रोज़गार और माँ




हर दफा घर से निकलते
पोंछना चाहता हूँ
तेरे आंसू.

हर रात,
सिरहाने तेरा हाथ
तकिया बना नज़र आता है.

रोटियों को अलट-पलट
देखता हूँ कई बार.
कि तेरे लम्स का कुछ एहसास हो.

हर दिन,
घर आना चाहता हूँ 'माँ'.
लेकिन क्या करूँ,
रोज़गार भी एक बड़ा मसला है.


Sunday, January 2, 2011

.....रख सकता हूँ अपना ख्याल माँ!

तो तुम हो वो......
जो अनचाहे ही,
आ जाते हो,
कभी भी-कहीं भी,
बेवजह ही,
बिन कहे ही.

मैं नहीं चाहता,
इस तरह तुम यकायक से आओ..
बिन कहे ही,
मेरी संग चलो,
मुझे बिन बताये ही.

मैं रख सकता हूँ अपना ख्याल.
बच्चा नहीं रहा अब. 

तुम्हारे जन्म देने से अबतक,
पूरे कर लिए हैं कई पड़ाव.
......और फिर हमेशा ही बनी रही है आपकी छाँव.

अब मैं बच्चा नहीं रहा ना!
तो रख सकता हूँ अपना ख्याल माँ. 

~V!Vs***