Showing posts with label 40 Hours in a Train. Show all posts
Showing posts with label 40 Hours in a Train. Show all posts

Friday, April 11, 2014

मैसूर



दर्ज़-ए-तारीख किया
मैंने एक शहर
फिर खुद को दी
बद्दुआ दोखज़ की.

इस शहर से
लापता होना आसान नहीं,
चेहरे पे नाखूनों के निशां की तरह
ब्रिटिश हुकूमत के जमा चिन्ह
इस शहर से हो
मेरे चेहरे पर जैसे चढ़ से गए हैं.

शहर नहीं,
कला, मौशिकी और आशिक़ी की
खुली किताब है मैसूर.

मैसूर छोड़ना
जन्नत को जैसे अलविदा कहना!

Friday, April 4, 2014

21 Grams



रूह देखी है कभी?
MacDougall ने कहा था,
आदमी की रूह है
कुल जमा 21 ग्राम.
मक्खी की?
कुत्ते की?
अमीबा की?
मैं ढूँढता रहा सबकी रूह,
लेता रहा वजन.
घूम सारी दुनिया
देखा आदमी.
मरता-मारता आदमी,
मजहबी, मतलबी आदमी,
पैसा-पैसा बटोरता आदमी,
बंदूकें चलाता, लाशें बिछाता
जमीने हड़पता आदमी.
एहसास हुआ,
आदमी की रूह एक मिलीग्राम की भी नहीं! 


*MacDougall = Duncan MacDougall 

Wednesday, March 26, 2014

बुढ़ापा



झुक गई कमर,
टूट गये दांत.
पोपले मुंह से पोपली बातें,
जवान बेटों के किस्से
बहुओं का प्यार
नाती-पोतों की नादानी
बेटियों को दामादों से मिले
तमाम उपहार.

लाठी सम्हाल सम्हाल,
ढेरों पोपली बातें कर,
कोने में बेंत पे
बैठ गया बुढ़ापा,
एकाकी बुढ़ापा.

Sunday, March 23, 2014

बन्दर


मरना-मारना,
कटना-काटना,
रोना-रुलाना,
बतकही से बक बक
बक-बक से तलवार,
तलवार से लाशें.
बाल काटता रहा आदमी,
बढ़ते रहे बाल.
नाखून घिसता रहा आदमी,
बढ़ते रहे नाखून.
सीधा चलता रहा आदमी,
झुक- झुक जाता है फिर-फिर,
रेंगता फिर-फिर.
रंगता रहा देह,
रंग धुल जाता है फिर-फिर.

झूठ है कि आदमी है वो,
आदमी आदमी नहीं,
आदमी बन्दर है!

Friday, March 21, 2014

कश्तियाँ डोलती हैं




कश्तियाँ डोलती हैं,
सुबह - शाम.
ज्वार-भाटे तेरे शहर भी
कश्तियाँ हिलाते होंगे.

यादों के भाटे,
ख्वाबों के ज्वार,
मन की कश्तियाँ.

कश्तियाँ डोलती  हैं.

Saturday, March 8, 2014

Sketch : श्वेता



तेरी मुस्कान, गोल चेहरा
एक छलकता बचपन-
निश्छल, निर्मल, निष्कपट.
जब भी तू हंसी
निर्मल, निर्झर-निर्झर...
मैं खोया, बस खोया.

मेरा गाना, तेरा रोना,
मेरा फिर-फिर गाना
तेरा फिर-फिर रोना.
कोई गान नहीं
जो तुम्हें हंसा न सके,
तुम्हें झूठा रुला न सके.

शुक्र है,
बस ट्रैन बढ़ रही है,
तुम अभी भी ज़िंदा हो,
मेरे अंदर... असीम तक.

Sketch : प्रतीक्षा



चलती ट्रैन, नपते रस्ते,
ओझल होते दृश्य.
बस एक तुम्हारा चेहरा है
जो अँधेरे डब्बे में भी
आँखों में चमक रहा है.

तेरा कन्धा मेरा सर,
तेरी हंसी, मेरी मुस्कान,
तेरा गुस्सा, मेरी चुप्पी,
'तेरे पप्पा का', मेरी हंसी.
तेरा रोना, मेरा रोना,
तेरा हँसाना, मेरा खुश होना.

रिश्ते बस जन्म से नहीं बनते,
यकीनन
रिश्ते हमसे बनते हैं.
हमसे-तुमसे...
बस हमसे और तुमसे.