Tuesday, April 18, 2023

शौर्य गाथा : खेल



 मम्मा-पापा ने भाईसाहब को बर्थडे पर टेंट हाउस गिफ्ट किया है. अब यह इनका घर है. इनके रूम में जाएं तो कहते हैं "पापा, घर तलो.", "मम्मा, घर तलो."


भाईसाहब पापा को टेंट के अंदर ले आए हैं. अपने पेंट की जेब से झूठमूट के पैसे निकालकर बोलते हैं "पापा, दूद ले लो... मार्तेट(मार्केट) से."

पापा मुस्कुराकर बोलते हैं "ले लिया."

भाईसाहब बोलते हैं "पापा दूद पियो." पापा झूठमूट का दूध पीने की एक्टिंग करते हैं, भाईसाहब "हा... हा... हा" खिलखिलाकर हंस पड़ते हैं.


भाईसाहब अब पापा से पैसे मांगते हैं "पापा, पैथा दो... दूद पीना."


पापा झूठमूट के पैसे देते हैं, भाईसाहब टेंटहाउस की खिड़की से हाथ निकालते हैं, पैसे बढ़ाते हैं और कहते हैं "अंतल (अंकल), दूद दे दो... दूद." फिर झूठमूट का दूध इनके हाथ में आ जाता है और ये पीना शुरू कर देते हैं.

"पापा, अच्छा है...अच्छा." 

"पापा, दूद खम (खत्म) हो गया... बाहल तलो."


...और भाईसाहब के ऐसे ही कोई न कोई खेल चल रहे हैं.


#शौर्य_गाथा

Thursday, April 13, 2023

शौर्य गाथा : पापा विदेत लिथा है... पापा विदेत

 


पापा ऑफिस से आए हैं. भाईसाहब ने पूरे कपड़े बेड पर बिखेर रखे हैं. पापा के आते ही चहचहाकर बोलते हैं "पापा आ दए... पापा आ दए..." पापा उनके बगल में बैठ जाते हैं. भाईसाहब पूछते हैं "पापा आप त्या पहने हैं?"

पापा: "यूनिफॉर्म" 

"पापा आप यूनिफॉर्म त्यों पहने हैं?" पापा जवाब देने की बजाए उन्हें गोद में भरकर प्यार कर लेते हैं. भाईसाहब गोद में बैठे बैठे नेमप्लेट देख लेते हैं. "पापा ये त्या है?"  

"बेटा ये नेमप्लेट है." 

"पापा इथपर त्या लिखा है?" 

मम्मा बोलती है "इसपर पापा का नाम लिखा है. बताओ पापा का नाम क्या है?" भाईसाहब अपनी सुरीली आवाज में बोलते हैं, "विदेत.. पापा विदेत." फिर नेमप्लेट पर उंगली रख बोलते हैं "पापा विदेत लिथा है... पापा विदेत." :D

#शौर्य_गाथा

Thursday, April 6, 2023

शौर्य गाथा : Transfers

 


भाईसाहब के अभिन्न मित्र हैं- अनन्या दीदी, परी दीदी, उन्नी दीदी, मिन्सी दीदी आदि. इनसे 3 से 6 साल बड़े हैं. भाईसाहब सबके साथ खेलते रहते हैं, उन्हीं के हाथ से खाते हैं, उनसे ही लड़ते हैं. छुपन-छुपाई इनका प्रिय खेल है. कभी कभी भाईसाहब मॉन्स्टर बन जाते हैं और अनन्या दीदी, उन्नी दीदी इनके टॉय बेबीज़ को मॉन्स्टर से बचाते हैं. 

कभी इनके टेंट हाउस में पिज़्ज़ा की डिलीवरी वाला गेम होता है. "शौर्य अब हमें भूख लग आई है चलो पिज़्ज़ा खायेंगे." और फिर झूठमूठ का फोन लगाया जाता है और पिज़्ज़ा का ऑर्डर दिया जाता है. "नॉक... नॉक..." की आवाज निकाली जाती है. "कौन है?" "अच्छा पिज़्ज़ा, पैसे लीजिए, पिज़्ज़ा दे दीजिए." इस तरीके का क्यूट सा खेल है. पापा मम्मा चुपचाप बाहर से देखते रहते हैं.

इनके फ्रेंड्स के मम्मा/पापा का ट्रांसफर हो गया है. अब वे जा रहे हैं.

बेचारे मम्मा पापा इसी उधेड़बुन में हैं कि आगे अब वे किसके साथ खेलेंगे... क्या जो नए लोग आएंगे उनके इतने छोटे बच्चे होंगे? क्या वे फैमिली लेकर आयेंगे? क्या भाईसाहब नए लोगों से घुलमिल पाएंगे?

लेकिन ये हर 3 साल की समस्या होने वाली है. हर बार नए लोग, नई जगह, नए फ्रेंड्स, आगे नया स्कूल...

बच्चे के लिए ये अच्छा भी है और बुरा भी... कितना, क्या यह उनके बोर्डिंग स्कूल में पढ़े माता पिता को नहीं पता है...

#शौर्य_गाथा

Sunday, April 2, 2023

शौर्य गाथा : पापा के शौर्य

 


भाईसाहब का पापा-प्रेम बढ़ता जा रहा है. कुछ भी डिमांड हो "पापा..." "पापा...", "पापा दोदी (गोदी) आना....", "पापा थाना थाना(खाना)...", "पापा पेंत(पेंट) पहना दो...." इत्यादि .

एक दिन हम सब बैठे हुए हैं. भाईसाहब पापा से आकर चिपक गए हैं. मम्मा मुस्कुराकर बोलती है "I'm jealous of you."

पापा मुस्कुरा देते हैं और तभी भाईसाहब बोलते हैं "पापा थाना थाना... थाना."

हम सब हंस पड़ते हैं...

#शौर्य_गाथा #Shaurya_Gatha #पापा_के_शौर्य

Thursday, March 23, 2023

शौर्य गाथा : #HappyBirthday_Shaurya

 


#HappyBirthday_Shaurya

वक्त कितना जल्दी निकलता है और ये बच्चे कितनी जल्दी बड़े होते हैं, पता ही नहीं चलता. 23 मार्च 2021, पहला दिन, शौर्य गोद में और मेरी आंखों में आसूं... दूसरा दिन, शौर्य दादू की गोद में, डॉक्टर के हाथ में पहले टीके का इंजेक्शन और मेरी आंख में फिर आंसू... मैं देख नहीं पाता और दूर चला जाता हूं. दो साल और मुझे पता भी नहीं कि कब इतने जल्दी निकल गए. 

किसी ने कहा था कि True Love का मीनिंग तुम्हें जब समझ आएगा जब तुम्हारे हाथ में तुम्हारी संतान का हाथ होगा, जब वो तुम्हें गले लगाएगा. मैं तब इस बात का मतलब नहीं समझा था, आज समझता हूं.

निधि अक्सर कहती है, "क्या इसके बिना हम अपना जीवन इमेजिन कर सकते हैं?" मैं बस मुस्कुरा देता हूं. 

---

दो साल के शौर्य और दो साल पुराने पापा, दोनों जन्मदिन पर बहुत मस्ती करते हैं. पापा दादू, नानू को देख मुस्कुरा रहे हैं.

शौर्य... वीर... हम... जीवन... बस.

#शौर्य_गाथा #पापा_के_अधूरे_नोट्स

Monday, March 13, 2023

शौर्य गाथा : पापा की सुलाने की कोशिश

 


"विवेक, मैं ऑफिस में आज ज्यादा थक गई हूं। इसको आज आप सुलाओगे।" मम्मा के फरमान के बाद आज भाईसाहब को सुलाने की ड्यूटी पापा की है।

पापा भाईसाहब को अलग रूम में लेकर गए हैं, उन्हें सुलाने की कोशिश कर रहे हैं। भाईसाहब बोलते हैं पापा "बेबी ताहिये बेबी।" पापा बेचारे भाईसाहब के रूम में जाते हैं, खिलौनों में से बेबी निकाल के लेकर आते हैं। अब पापा भाईसाहब को पीठ पर थपकी देकर "लल्ला लल्ला लोरी..." सुना रहे हैं और भाईसाहब बेबी को "ऊं... ऊं..." करके थपकी देकर सुला रहे हैं।

थोड़ी देर बाद भाईसाहब बोलते हैं "पापा... पापा... बेबी को दुधु पीना।" बेचारे पापा कहते हैं बेटा आपके बेबी को तो पापा ने अभी दुधू पिलाया था। 

भाईसाहब चुप लेट गए हैं पापा को लगता है सोने के मूड में आ गए हैं। लेकिन भाईसाहब तो भाईसाहब हैं। दो मिनट बाद बोलते हैं "पापा आपते बेबी को दुधु पीना।"

पापा इसका जवाब नहीं दे पाते। बेचारे किचन जाते हैं, दूध गर्म करने लगते हैं। तब तक भाईसाहब अपनी गाड़ी पर बैठ गया हैं और तेजी से चलाते हुए "लाउंड एंड लाउंड...." गा रहे हैं। पापा उधर दूध गर्म करते खुद को राउंड एंड राउंड घूमता महसूस कर रहे हैं।

भाईसाहब सिर्फ दो घूंट दूध पीते हैं, बेड पर आते हैं। पापा फिर पीठ थपथपाते है, भाईसाहब फिर पांच मिनिट में नई फरमाइश रख देते हैं। "पापा मम..मम.. पीना... मम..मम.." पापा फिर किचन जाते हैं, भाईसाहब को पानी पिलाते हैं और फिर उसी क्रम में दो मिनट बाद भाईसाहब बोलते हैं "पापा मम्मा पास जाना है... मम्मा पास।"

पापा बेचारे डेढ़ घंटे सुलाने की कोशिश करने के बाद भाईसाहब को मम्मा पास लेकर आते हैं। भाईसाहब मम्मा से चिपक जाते हैं और पांच मिनट में ही सो जाते हैं!

#शौर्य_गाथा

Thursday, February 9, 2023

शौर्य गाथा : Nani's Shaurya

 


भाईसाहब दिन पर दिन क्यूट होते जा रहे हैं. उनकी तोतली बोली से निकले लफ्ज़ सुन आप हंसे और उन्हें प्यार किए बिना नहीं रह सकते हैं.


बात कल की ही है, भाईसाहब की नानी उन्हें हर दिन तेल मालिश करती हैं. भाईसाहब को भी बड़ा मजा आता है इस बड़ा कॉपरेट करते हैं. शाम में भाईसाहब की मम्मा और नानी बैठे हुए हैं, नानी मम्मा के हाथ में तेल मल रही हैं. भाईसाहब पास जाते हैं, तेल की शीशी उठाते हैं, तेल लेकर नानी के पांव में अपने नन्हें नन्हें हाथों से मलते हैं और नानी बोलते हैं "नानी, आप लाजा बेता बन गया..." उनकी इतनी प्यारी हरकत और बोली देख सबकी हंसी छूट जाती है.

असल में नानी उनको किसी भी काम के कर लेने पर शाबाशी में "आप तो राजा बेटा बन गए." बोलती हैं. तो आज नानी ने मालिश करा ली इसलिए "नानी, लाजा बेता बन गया" है. 😁

Tuesday, February 7, 2023

शौर्य गाथा : Shaurya's Baby

 


भाईसाहब को उनकी अर्घ्या दीदी ने एक टॉय बेबी गिफ्ट किया है. भाईसाहब अक्सर उसी को लेकर घूमते हैं. एक दिन भाईसाहब मम्मा से बोलते हैं "मम्मा बेबी तो भी थिला दो..." एक दिन भाईसाहब बेबी को कपड़े में लपेट गोदी में लिए हैं. पापा - "शौर्य क्या कर रहे हो?"

शौर्य - "पापा बेबी तो सुला लहा हूं... सुला." 
पापा -"अच्छा...!!"
एक दिन भाईसाहब पापा को कुछ देर से दिख नहीं रहे हैं. पापा रूम के अंदर आकर देखते हैं. भाईसाहब बाथरूम से बाहर निकल रहे हैं, हाथ में बेबी है. खुद कुछ कुछ गीले हैं और इनका बेबी भी गीला है. पापा इनसे पूछते हैं "क्या कर रहे थे शौर्य? "
भाईसाहब- "पापा... पापा... बेबी की पुट्टी त्लीन तल रहा था." 😄😄

Monday, February 6, 2023

शौर्य गाथा : एक्च्छ..वेटर

 


भाईसाहब आजकल हेल्पिंग कार्स कार्टून देखने लगे हैं उन्हें उसमें से Dump Truck और Excavator याद भी हो गए हैं. अब जब भी रोड पर निकलते हैं और जेसीबी मशीन दिख जाए तो हाथ उस तरफ कर चिल्लाने लगते हैं "पापा एक्च्छ..वेटर... एक्च्छ..वेटर..."पापा उनकी भाषा को डिसाइफर कर पाएं उसके पहले ही वो चला जाता है.


वैसे पापा को भी इनसे ही पता चला है कि जेसीबी मशीन असल में एक्सकेवेटर है. (पापा तो नहीं तो 2019 के जेसीबी को खुदाई के मीम में ही याद थे.) कोई भी ट्रक दिखे तो "पापा डंप ट्रत है... डंप ट्रत..."

पापा ने इन्हें हेल्पर कार्स का पूरा सेट लाकर दिया है डंप ट्रक बुल्डोजर एक्सकेवेटर रोलर आदि सब है.

अगले दिन, "पापा इधल आओ इधल.... डंप ट्रत टूत गया है...." और 2-3 दिन में भाईसाहब की सारी कार कॉलोनी बिखर चुकी है! 😃

पापा बेचारे फिर खिलौने की दुकान में थोड़े मजबूत ट्रक ढूंढ रहे हैं.

#शौर्य_गाथा

Saturday, February 4, 2023

शौर्य गाथा : कान्हा

 


भाईसाहब की किताबें आई हैं और भाईसाहब बड़े खुश हैं. पापा कहते हैं "देखो... बुक्स..." भाईसाहब कहते हैं "बु... क्क.... "


पापा उन्हें कहते हैं बेटा गणेशजी वाली किताब लेकर आओ और भाईसाहब कृष्णा उठा लाते हैं. पापा कहते हैं "अरे ये तो कान्हा ले आए." भाईसाहब- "तान्हा... पापा तान्हा..."
पापा- "मेरा कान्हा कौन है?"
भाईसाहब मीठी सी मुस्कान लिए खुश होकर अपनी तरफ उंगली कर कहते हैं- "पापा मैं... मैं... तान्हा..."

#शौर्य_गाथा