सर मेरे दादा ने प्रेम विवाह किया था. अलग जाति में. सर लड़ाई हुई, तलवारें चल गईं. दादा के पिता (परदादा) मारे गए.
दादा यहाँ आ गए. वो नेशनल पार्क के कॉर्नर में बसी अपनी 15 - 20 घरों की बस्ती की ओर इशारा करता है.
अब हम सब यहाँ जंगल बचा रहे हैं. सबको रोजगार मिला है यहाँ. वो हिंदी- अंग्रेजी मिक्स कर के बोल रहा है.
'सर आपकी शादी हो गई?'
'हाँ'
'सर अब तो इंटर-कास्ट मैरिज में कोई प्रॉब्लम नहीं है. वो आज़ादी के पहले की बात थी. आपका इंटरकास्ट है?'
'न' मैं कहीं और ही खोया हूँ.
मुझे एक दोस्त की बहन याद आ रही है जिसे प्रेम विवाह करना था, लेकिन दोस्त के अलावा कोई और तैयार न था. बहन की शादी कहीं और की गई. दो साल बाद illicit abortion के complications की वजह से उसकी मृत्यु हो गई!
मैं उस बस्ती की ओर देखता हूँ और सोचता हूँ कि काश! दोस्त के पिता भी मान गए होते.
मैं हरे भरे जंगल के पास हरी भरी बस्ती देख रहा था लेकिन दोस्त की आँखों में बसी बहन की राख सोच रहा था!
मेरी प्रिय, मैं तुम्हारे दूसरे प्रेमियों जैसा नहीं हूँ यदि दूसरा दे तुम्हें एक बादल मैं तुम्हें देता हूँ बारिश यदि वह दे तुम्हें एक लालटेन, मैं दूँगा तुम्हें चाँद यदि वह देगा तुम्हें एक डाली मैं दूँगा तुम्हें पेड़ और अगर दूसरा तुम्हें देता है एक जहाज़ मैं दूँगा तुम्हें सफ़र
मैं दुनिया जीतता हूँ शब्दों से
मैं दुनिया जीतता हूँ शब्दों से मैं मातृभाषा को जीतता हूँ क्रियाएँ, संज्ञाएँ, वाक्य-विन्यास… मैं चीज़ों के आरंभ को बुहार देता हूँ और एक नई भाषा के साथ जिसमें है पानी का संगीत, आग के संदेश मैं आने वाली सदी को जलाता हूँ और तुम्हारी आँखों में रोक लेता हूँ समय और मिटा देता हूँ वह रेखा जो अलग करती है वक़्त को इस एक लम्हे से
जब मैं करता हूँ मोहब्बत
जब मैं करता हूँ मोहब्बत मुझे महसूस होता है— मैं वक़्त का शहंशाह हूँ मेरा अधिकार है धरती और इसकी समस्त वस्तुओं पर मैं अपने घोड़े पर जाता हूँ, सूरज की ओर
जब मैं करता हूँ मोहब्बत मैं बन जाता हूँ एक तरल रोशनी जो आँख को नहीं दिखती और मेरी कॉपियों में लिखी कविताएँ बन जाती हैं छुईमुई और खसखस के खेत
जब मैं करता हूँ मोहब्बत पानी मेरी उँगलियों से यकायक बह निकलता है मेरी जीभ पर घास उग आती है जब मैं करता हूँ मोहब्बत मैं हो जाता हूँ सारे वक़्त के बाहर का वक़्त
जब मैं करता हूँ एक औरत से मोहब्बत सारे पेड़, मेरी और दौड़ पड़ते हैं नंगे पाँव
भाषा
जब एक आदमी होता है इश्क़ में वह कैसे इस्तेमाल कर सकता है पुराने शब्द? क्या एक औरत अपने प्रेमी को चाहती हुई सो जाए— व्याकरणविदों और भाषाविदों के साथ?
मैंने कुछ नहीं कहा उस औरत से जिससे प्रेम करता था पर इकट्ठे किए एक सूटकेस में प्रेम के सभी विशेषण और सभी भाषाओं से भाग गया
रोशनी क़ंदील से ज़्यादा ज़रूरी है
रोशनी क़ंदील से ज़्यादा ज़रूरी है कविता नोटबुक से ज़्यादा ज़रूरी है और चुंबन होंठों से अधिक सार्थक मेरे तुमको लिखे ख़त हम दोनों से अधिक महान और महत्वपूर्ण हैं वही अकेले दस्तावेज़ हैं जहाँ लोग खोज निकालेंगे तुम्हारा हुस्न और मेरी दीवानगी
***
निज़ार क़ब्बानी (21 मार्च 1923–30 अप्रैल 1998) अरबी भाषा के सुप्रसिद्ध कवि हैं। यहाँ प्रस्तुत कविताएँ sadaneey.com से ली गई हैं।
सारी शोधयात्राएँ खुद की खोज से शुरू हो खुद में अंत होती हैं. मैं खुद की तलाश में खुद से निकल तुम तक पहुँच जाता हूँ. तुम्हारी आँखों में जो मैं हूँ वो मेरे 'मैं' से बिलकुल अलग हूँ. मेरी आँखों में जो तुम हो वो तुम्हारे अंदर समाई 'तुम' से बिलकुल अलग हो. हम तीन भाई हैं जिनके एक पिता हैं लेकिन हम तीनों के लिए 'पिता' मायने में अलग-अलग हैं. एक आदमी दूसरे के अंदर अलग तरीके से और तीसरे के अंदर बिलकुल अलग तरीके से रम जाता है. निंदा फ़ाज़ली को सही से अभी पढ़ना शुरू किया है उनके 'हर आदमी में होते हैं दस-बीस आदमी/ जिसको भी देखना हो कई बार देखना' का मतलब धीरे धीरे समझ आ रहा है... शायद तुम्हारी आँखों में खुद को देख समझना शुरू कर रहा हूँ.
क्या खो रहा हूँ, क्या पा रहा हूँ, ये वक़्त पे छोड़ के जा रहा हूँ. लेकिन आशा, उम्मीद और सफर ये ज़िंदा रहने वाले हैं. हर दिन बिखर कर मेरे हिस्से में थोड़ा सा तुम रह जाते हो जैसे हाथों में फूलों कि खुशबू रह जाती है. तुम्हें याद... तुम्हें याद करना हर दिन का शगल है और उगे सूरज अबतक रोशन हैं.
मेरी सारी यात्रा जैसे एक शोधयात्रा हो गई है. जो मुझे तुम्हारी आँखों से खोजेगी. मेरे यार! तुम सनातन सहयात्री हो... मेरी मासूम हथेली थामे चल रही हो.
एक खूबसूरत नींद कभी कविता नहीं कहती
एक बदसूरत रात कभी बच्चे नहीं जनती.
उसने कहा मेरा पोट्रैट बनाओ
मैंने कैनवास काला कर दिया
वो चकित थी
कि मैं उसे इतना अच्छे से कैसे जानने लगा हूँ.
मैंने नींद कि गोलियां लेना शुरू की
उसने प्रेम में कवितायेँ लिखीं
उसने धीमे से मेरा माथा चूमा
वहां का खून जम काला पड़ गया.
उसने कहा 'उसे मेरे जैसा प्रेमी ही चाहिए था'
और मेरा दम घुटने लगा.
वो लबालब हो गई मेरे प्रेम में
ऐसा उसने कविता में लिखा
फिर बोली 'अच्छा तुम भी कुछ सुनाओ.'
मैं हौले से बुदबुदाया
'मैं उबर चुका हूँ तुम्हारी छुअन से
तुम्हारे छूने से अब आत्मा नहीं धधकती.'
वो बदसूरत रात कट-फट चुकी थी
लेकिन ये बेहद खूबसूरत अंत था.
मुझे ईश्वर नहीं चाहिए तुम्हारी आस्थाएं और नियम भी नहीं मैं आदिमानुष हूँ जो अभी भी उन कंदराओं में जी रहा हैं जिनमें बस उसके नियम चलते हैं उन कायदों में बंधा है जिनसे उसे सुख मिलता है और उन आँखों से दुनिया देखता है जो उसे जन्म से मिली थीं.
मुल्कों को नकार धर्मों को नकार जातियां नकार मिले लिंग को नकार युद्धों को नकार दंगों को नकार हत्याएं नकार अभिमान और ज्ञान नकार
जो बचता है वो थोथला नंगा इंसान है जिसके कपड़ों से बू नहीं आती हत्याओं को, धरती हड़पने की, प्रदूषण की, जन-जंगल-जमीन हरने की न किसी स्त्री के खून की.
वो मैं हूँ. और अगर तुम भी वो बन सकते हो मेरे दोस्त तो आओ मेरे साथ चलो नंग-धडंग अपने समाज, परिवार और आस्थाओं से परे. यदि नहीं कर सकते ऐसा तो कितना भी लिख लो तुम 'आज़ादी' कितना भी कह लो 'फेमिनिज्म' कितना भी चिल्ला लो तुम 'प्रेम' तुम्हारा कहा सब मृगमरीचिका है तुम्हारा ज्ञान सब थोथा विज्ञान है और रही बात तुम्हारी कविता की वो सब बारहखड़ी के अलावा कुछ भी नहीं जो कागज़ रंग रही है और पेड़ गिरा रही है.
मेरे दोस्त कोई भी इंसान आदिमानुष हुए बगैर कवि नहीं हो सकता न ही मेरा मित्र. ये भी एक प्रथम और अंतिम स्थापित सत्य है जिसे जनजातियों की तरह विस्थापित नहीं किया जा सकता.
हम सोशल मीडिया पे लिख लिख कर गुस्से का इज़हार करते हैं, वक़्त हुआ तो किसी चौराहे पे मार्च या इंडिया गेट पे कैंडल जलाने में हिस्सा बनते हैं... और लेकिन वोट अपने जाति वाले को ही देते हैं.
हम इतने सभ्य हैं कि जब तक हादसे घर पे दस्तक नहीं देते खुद की सोच तक हम नहीं बदलते. हमने अपनी जातियों/धर्मों को वोट दिए हैं. हमने अपने फ्रैंकेंस्टीन खुद पैदा किये हैं.
कितना सुख है शाम को कुर्सी पर बैठ ये सोचने में कि आज हमारे साथ कोई हादसा नहीं हुआ है... और कितना सुकूं है फोन पे ये पता चलने में कि चाहने वाले भी ठीक हैं.
सच तो ये है, सुख के साथ मैं ये लिख रहा हूँ, सुकूं के साथ आप इसे पढ़ने वाले हैं. कल नए फ्रैंकेंस्टीन फिर पैदा करने वाले हैं. कल फिर सोशल मीडिया पे कवितायेँ, चौराहे पे मार्च और कैंडल जलाने वाले हैं और उसके फोटो चस्पाने वाले हैं.
वैसे पिछली बार की कविता उतनी अच्छी नहीं थी, शायद इमोशंस कम रह गए थे. इस बार तो क्या लिखा है आपने! इस बार की फोटो ठीक ही है. अगली बार कैंडल सामने और बैनर बगल में रख के फोटो खिचाईयेगा... बेहतरीन आएगी. पूरा एक्टिविस्ट लगेंगे.
दुआ करता हूँ ये आपके लिए 'अगली बार' जल्दी ही आएगा.
मैं वो कविता संग्रह हूँ
जिसे तुम पूरा पढ़ने की हिम्मत नहीं जुटा सकते आँख के नीचे के काले पड़े सच दीखते हैं उसमें. मैं वो सांत्वनाएं हूँ जो सदा अधूरी रहनी हैं, कोई भी आशायें अविचलित हो सच नहीं होनीं न कोई अरमान, बस भ्रम हैं सच होने को, उनके लिए शुभेच्छाएं. मैं वो लाश हूँ जिसे तुम्हें खुद अकेले कंधे पर ढोनी है, न कोई राम आना है, न कोई श्याम. तुम्हारे शोर में लिपटी अंतिम दारुण आदमी की चीख का परिणाम हूँ मैं जिसे निस्तर अकेले छोड़ा गया है. अनसुलझे रहस्यों का अंतिम उत्तर हूँ. अधूरी उम्मीदों के लिए हरी-पट्टी. गढ़ा गया हूँ जैसे आर्टिफीसियल इंटेलिजेंस गढ़ी जा रही है जैसे तुम्हारे अंदर कालापन बढ़ रहा है जैसे सारी सांत्वनाएं ख़त्म हो रही हैं जैसे प्रेम धूमिल हो रहा है जैसे आकांक्षाएं आदमी को जीने नहीं दे रही हैं जैसे खुद के क़त्ल के लिए पारिस्थितिकी को ख़त्म तुमने किया है जैसे प्रेम के बदले संभावनाएं, स्वार्थ और समाज चुना जाता है (फिर घड़ियाली आसुंओं में रोया जाता है) वैसे ही अशरीर, अश्लील ईश्वर गढ़ा जाता है. गांजा पिये भ्रम में रहो की मैं हूँ, क्यूंकि हर अच्छे-बुरे का उत्तर तुम्हारा बाप हमेशा नहीं दे सकता.
मैंने देह और प्रेम में खालिश प्रेम चुना उसने समाज और मुझमें समाज मैंने गीत और जुगनू में से कुछ न चुना दोनों को आग लगा दी.
उसने आखिरी बार लिखा
‘प्यार के अलावा भी बहुत कुछ है दुनिया में’
बहुत कुछ प्यार से बड़ा था
प्यार बहुत कुछ न था.
उसने नीली आँखों में जीभर मुझे भरा
उजली हंसी से चूमा
दांतों में मेरे जिस्म छोड़ा, अटकाई यादें
फिर मुस्कुराने की दवा बताई
जैसे वो कोई हुनरमंद डेंटिस्ट हो.
फिर बहुत कुछ के पास चली गई
प्यार यहीं रह गया
जिसे मैंने बेटी की तरह पाला
और सिखाया कि प्यार बहुत कुछ से बहुत बड़ा है, सभी कुछ है.
---
प्यार के अलावा दुनिया में बस प्यार है.
अगर नहीं है
तो तुमने अपने आसपास एक झूठी दुनिया बनाई है
जो दवाओं के असर में मुस्कुरा रही है.
मैं तुम्हारे लिए कविता लिखता हूँ
उसमे डालता हूँ प्रेम की तमाम उपमाएं
कई सारे कठिन शब्द और कई मायने.
एक मुट्ठी चाँद को ले घोंटता हूँ,
गार्निशिंग के लिए तारे तोड़ रखे हैं. नींद, देह, ऑंखें, होंठ, हथेली और लम्स सबके लिए नयी नयी उपमाएं हैं. जैसे- नींद विधवा की पथराई ऑंखें हैं जो दीर्घ तक तुम्हारे स्वप्न देखती हैं. देह आसमान है तुम्हारी, जिसे मैं ओढ़ता, बिछाता हूँ. होंठ नदी के गोल गीले पत्थर हैं जिन्हें अपने होंठों पे बिठा मैं ईश्वर बना देता हूँ (जैसे ऐसे पत्थर तुलसी पौधे संग ईश्वर हो जाते हैं.) हथेलियां तुम्हारी गुजरात और पूर्वोत्तर भारत हैं, एक में कच्छ के फ्लेमिंगोज़ घूमते हैं दूसरे में हरियाती ब्रह्मपुत्र नदी है और दोनों को छू कर चूमने की इच्छाएं हैं. (बस यही दो जगह देश में अब मैंने नहीं खंगाली हैं.) लम्स! उफ़्फ़!! हर एक छुअन वो कतरा है जो खून में दौड़ रही है किसी इम्युनिटी की तरह... ज़िंदा रहने का कारण बनी हुई है.
लेकिन गार्निशिंग तक ये कविता और तमाम उपमाएं
निरर्थक लगने लगती हैं.
हर कविता में मैं तुम्हारा हो जाना चाहता हूँ,
हर एक दिन पिछली दफे से ज्यादा और बेहतर प्रेम करना चाहता हूँ,
हर नई बार एक नए एहसास से छूना चाहता हूँ,
हर एक बार एक नई प्रेममई नज़र से देखना चाहता हूँ.
मेरा प्रेम किसी कविता में पूरा नहीं समा पाता
मेरे एहसास तमाम उपमाओं में भी अधूरे रह जाते हैं
इसलिए तुमपर लिखी मेरी सारी कवितायेँ अपूर्ण होती हैं.
मैं थककर इस कविता को
अधूरा ही तुम्हें सौंपता देता हूँ
और उस दिन का इंतज़ार करता हूँ
जब मैं अपनी तमाम भावनाये,
एहसास, प्रेम और हृदयेच्छाएं किसी कविता में समा पाऊं,
उसे सार्थक और पूर्ण बना पाऊं.
चुपचाप
कानपुर,
फरीदाबाद,
लुधियाना या
दिल्ली हो जाओ.
या सवाल पूछो,
सड़कों पे आओ,
तो गोलियां खाओ
सरकारी चेतावनी सुनो.
तूती नहीं चुप्पी सीखो तूतीकोरिन.
सचेतोगे, जागरूक होंगे, मांगोगे
तो मार दिए जाओगे तूतीकोरिन.
--
Notes:
-Deonar, Gazipur- Asia's largest dumping grounds.
-Kanpur, Delhi, Ludhiyana - most polluted cities in the world.
-‘Right to clean and healthy environment’ is a fundamental right under article 21 of the Constitution.